Search

 
 
 

Dhanbad News : चापापुर ओसीपी की ब्लास्टिंग से धंसी ग्रामीण सड़क, भड़के लोगों ने बंद कराया खनन कार्य

निरसा क्षेत्र स्थित चापापुर ओसीपी में हो रही लगातार ब्लास्टिंग का असर अब आसपास के ग्रामीण इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है
 

Dhanbad : निरसा क्षेत्र स्थित चापापुर ओसीपी में हो रही लगातार ब्लास्टिंग का असर अब आसपास के ग्रामीण इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है. शुक्रवार को गोपालगंज से बेनागोरिया जाने वाली प्रमुख ग्रामीण सड़क अचानक धंस गई जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.

 

Uploaded Image

 

घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी तथा समाजसेवी अंजलि पासवान के नेतृत्व में ओसीपी का खनन कार्य बंद करा दिया. जानकारी के अनुसार सड़क करीब 50 मीटर तक धंस गई है. सड़क धंसने से क्षेत्र के लोगों का आवागमन बाधित हो गया है और किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.

 

ग्रामीणों का आरोप है कि चापापुर ओसीपी में हो रही भारी ब्लास्टिंग के कारण पहले भी कई घरों में दरारें पड़ चुकी हैं.अब सड़क धंसने की घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है. उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.

 

Uploaded Image

जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी ने ओसीपी का संचालन कर रही रेड्डी कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की. उन्होंने कहा कि कंपनी की कार्यशैली से ग्रामीणों की जान-माल खतरे में पड़ गई है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए.

 

वहीं समाजसेवी अंजलि पासवान ने ब्लास्टिंग के मानकों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा धंसी हुई सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की.उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

 

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी तीन दिन पहले धनबाद के सांसद और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गई थी लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. उनका कहना है कि लगातार हो रही अनदेखी के कारण लोगों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा.

 

फिलहाल ग्रामीणों के विरोध के बाद चापापुर ओसीपी में खनन कार्य रोक दिया गया है.स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. अब लोगों की नजर जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन पर टिकी है कि सड़क की मरम्मत, ब्लास्टिंग की जांच और सुरक्षा संबंधी मांगों पर कब तक ठोस निर्णय लिया जाता है.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही