Search

 
 
 

Dhanbad News : छठ घाटों पर रहेगा सुरक्षा का पहरा, बैरिकेडिंग से लेकर गोताखोरों की तैनाती

Dhanbad News : उपायुक्त ने नगर निगम, चिरकुंडा नगर परिषद, जिला पर्यटन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, सभी बीडीओ और सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में खतरनाक घाटों और जलाशयों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है. ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग करने के साथ चेतावनी और सुरक्षा संबंधी संकेतक लगाने को कहा है.
 
उपायुक्त आदित्य रंजन

Dhanbad News : लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों और छठ पूजा समितियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. 

 

उपायुक्त ने नगर निगम, चिरकुंडा नगर परिषद, जिला पर्यटन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, सभी बीडीओ और सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में खतरनाक घाटों और जलाशयों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है. ऐसे स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग करने के साथ चेतावनी और सुरक्षा संबंधी संकेतक लगाने को कहा है.

 

छठ पूजा समितियों के सहयोग से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. प्रशासन का जोर इस बार सिर्फ घाटों की साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जलाशयों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन रास्ते और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत करने पर है.

 

इसे भी पढ़ें

 

हर घाट पर होगा आपातकालीन रास्ता

प्रशासन ने सभी छठ घाटों और जलाशयों की विशेष साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया है. साथ ही प्रत्येक घाट पर श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए सामान्य रास्ते के अलावा एक वैकल्पिक आपातकालीन मार्ग भी चिह्नित करना अनिवार्य किया गया है. इसका उद्देश्य किसी अप्रिय घटना या अचानक भीड़ बढ़ने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है.

 

नदी और तालाबों में गोताखोरों की तैनाती

नदी और तालाबों में किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर मत्स्य मित्रों और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाएगी. जिला मत्स्य पदाधिकारी और पर्यटन पदाधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं सिविल सर्जन को घाटों पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके.

 

घाटों तक रोशनी, यातायात और सुरक्षा पर विशेष नजर

छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी बिजली विभाग को दी गई है. वहीं नदी घाटों और जलाशयों के आसपास पटाखों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. अत्यधिक भीड़ वाले घाटों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा.

 

वरीय पुलिस अधीक्षक को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद के नेतृत्व में जिला स्तर पर 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.

 

उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों और छठ पूजा समितियों को निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा है. प्रशासन की कोशिश है कि छठ के दौरान आस्था के इस महापर्व में सुरक्षा की कोई चूक न हो और श्रद्धालु निर्भय होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही