Dhanbad News : धनबाद के बीसीसीएल ब्लॉक-2 की मधुबन कोलवाशरी में मैनुअल लोडिंग की मांग को लेकर आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा. कोल माइंस वर्क्स यूनियन के बैनर तले स्थानीय मजदूर बेमियादी धरने पर हैं. मजदूरों ने पेलोडर से लोडिंग बंद कर स्थानीय मजदूरों से मैनुअल लोडिंग कराने की मांग की.
इसे भी पढ़ें
आंदोलन के पहले दिन धरना दे रहे मजदूरों ने आरोप लगाया कि कोयला लोडिंग की सूचना पर वे लोग लोडिंग स्थल पहुंचे थे. इसी दौरान महिला मजदूरों और खानुडीह के पूर्व मुखिया के समर्थकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई. महिला मजदूरों ने आरोप लगाया कि सीआईएसएफ की मौजूदगी के बावजूद उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें कई महिलाएं चोटिल हुई हैं.
सूचना मिलने पर गुरुवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत मजदूरों से मुलाकात की. झामुमो के केंद्रीय सदस्य डब्लू महथा व प्रखंड अध्यक्ष ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया. अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि स्थानीय ग्रामीण पिछले करीब दो वर्षों से रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनकी मांगों का समाधान करने की बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है.
फिलहाल, मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है. आंदोलन और मारपीट के आरोपों को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है. मामले में पुलिस और बीसीसीएल प्रबंधन का पक्ष अब तक सामने नही आया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

