Dhanbad News : शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (SNMMCH) में सेवा दे रहे पारा मेडिकल छात्रों को पिछले छह से सात महीने से मानदेय नहीं मिला है.बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में पारा मेडिकल छात्र सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे.
हालांकि सिविल सर्जन के छुट्टी पर रहने के कारण छात्रों ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और जल्द से जल्द बकाया मानदेय का भुगतान करने की मांग की. छात्रों के अनुसार 2023-25 बैच के करीब 50 पारा मेडिकल छात्रों की सेवा मार्च 2026 से शुरू हुई थी. सेवा शुरू हुए छह से सात महीने बीत चुके हैं लेकिन अब तक किसी भी छात्र को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. इससे छात्रों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
छात्र राम कुमार वर्मा ने बताया कि वे सरकार की बांड आधारित सेवा शर्तों के तहत SNMMCH के विभिन्न विभागों में टेक्नीशियन के पद पर सेवा दे रहे हैं. इसके एवज में प्रत्येक छात्र को 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने का प्रावधान है. उन्होंने कहा कि सभी 50 छात्रों की सेवा मार्च से ही शुरू हो चुकी है लेकिन अब तक मानदेय नहीं मिलने से छात्र परेशान हैं.छात्रों ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग से मामले में शीघ्र पहल करते हुए छह-सात महीने से लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की है.

