Ranchi News : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने लेवल-1 पदों की भर्ती परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए जरूरी जानकारी जारी की है. बोर्ड ने परीक्षा के प्रश्न, उम्मीदवारों के दिए गए जवाब और आंसर-की देखने की सुविधा शुरू करने की घोषणा की है.
लेवल-1 पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन 3 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक किया गया था. परीक्षा में शामिल उम्मीदवार 7 सितंबर की रात 8 बजे से 17 सितंबर की रात 11:55 बजे तक अपने प्रश्नपत्र, दिए गए उत्तर और आंसर-की देख सकेंगे.
इसे भी पढ़ें
उम्मीदवार को अगर आंसर-की या किसी प्रश्न के सही उत्तर को लेकर आपत्ति है तो वे 17 सितंबर तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रति प्रश्न 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. इसके अलावा लागू बैंक सर्विस चार्ज भी देना होगा.
यदि उम्मीदवार की आपत्ति सही पाई जाती है, तो बैंक शुल्क की कटौती के बाद आपत्ति शुल्क उसी खाते में वापस किया जाएगा, जिससे ऑनलाइन भुगतान किया गया है. उम्मीदवार आपत्ति शुल्क का भुगतान डेबिट/क्रेडिट कार्ड, UPI/UPI QR कोड या नेट बैंकिंग/मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से कर सकते हैं.
आरआरबी ने स्पष्ट किया है कि 17 सितंबर की रात 11:55 बजे के बाद प्रश्न, विकल्प या आंसर-की से संबंधित किसी भी आपत्ति या अभ्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आपत्तियां दर्ज कराएं. दर्ज की गई आपत्तियों पर आरआरबी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

