Dhanbad News : धनबाद के लोयाबाद इलाके के एकड़ा में शुक्रवार को अचानक जमीन के अंदर से धुआं निकलने लगा. धुआं उठता देख आसपास के लोगों में भू-धंसान की आशंका को लेकर दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बीसीसीएल प्रबंधन को दी. सूचना के काफी देर बाद बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान से धुआं निकल रहा है उसके नीचे बीसीसीएल की ओर से कोयला खनन किया गया था. खनन के बाद भूमिगत खाली हिस्से को बालू से भरना चाहिए था, लेकिन पर्याप्त बालू भराई नहीं की गई. ग्रामीणों ने कहा कि तेज बारिश के बाद जमीन के अंदर नमी बढ़ने पर इस क्षेत्र में पहले भी भूमिगत हिस्से से धुआं निकलने की स्थिति सामने आती रही है.
हालांकि इस बार अचानक धुआं निकलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है. लोगों को आशंका है कि यदि भूमिगत आग या खाली हिस्से की स्थिति पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया गया, तो आने वाले दिनों में यहां भी भू-धंसान या आग की बड़ी घटना हो सकती है.
लोगों ने टंडावाडी, छाताबाद, सिजुआ और लोयाबाद की मुस्लिम पट्टी में हुई भू-धंसान और आग की घटनाओं का हवाला देते हुए बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल जांच कराने की मांग की है. अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन के अंदर से धुआं किस वजह से उठ रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

