- 12 वर्षों को बताया विकास और सुशासन का कालखंड
- प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना
- विकसित भारत-2047 के संकल्प को किया दोहराया
- देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए की गई प्रार्थना
Dhanbad: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जगजीवन नगर स्थित मानस मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में धनबाद विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने देश की समृद्धि, विकास व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे. मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई और राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक समरसता तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रार्थना की गई.
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए आवास, किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास में भी अभूतपूर्व कार्य हुए हैं. देश आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है.
राज सिन्हा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भगवान से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वस्थ, ऊर्जावान और दीर्घायु रहें, ताकि वे देश की सेवा लंबे समय तक करते रहें. प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य रखा है उसे पूरा करने के लिए पूरे देश को एकजुट होकर कार्य करना होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को नई दिशा देने वाला साबित हुआ है और उनके मार्गदर्शन में भारत आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और सामरिक क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है.
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत और विकसित भारत जैसे अभियानों ने देश में सकारात्मक बदलाव की नई धारा प्रवाहित की है. भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व मंच पर और अधिक मजबूत भूमिका निभाएगा और विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करेगा.
पूजा-अर्चना के समापन पर देश की खुशहाली, सामाजिक सद्भाव, आर्थिक प्रगति और नागरिकों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई. कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment