Dhanbad News : बरवाअड्डा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने शुक्रवार देर रात थाना क्षेत्र के साधोबाद गांव के समीप ताराटांड़ जंगल में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली शराब बनाने का सामान बरामद किया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा स्प्रीट, विभिन्न नामी अंग्रेजी शराब ब्रांड के रैपर, खाली बोतलें, ढक्कन समेत दर्जनों पेटियों में पैक कर बिक्री के लिए रखी गई नकली अंग्रेजी शराब की बोतलें जब्त की हैं.
बताया जा रहा है कि घने जंगल और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर गिरोह लंबे समय से नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसकी सप्लाई कर रहा था.पुलिस की अचानक कार्रवाई की भनक लगते ही कारोबारी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.पुलिस बरामद सभी सामान को जब्त कर थाना ले आई है.
फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब तैयार करने के बाद इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था.बरवाअड्डा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध और नकली शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.

