Dhanbad News : उत्पाद विभाग की टीम ने धनबाद जिले के झरिया के राज ग्राउंड में नकली शराब कारोबार के ठिकाने का खुलासा किया है. टीम ने मंगलवार की सुबह छापेमारी कर अड्डे से शराब बनाने और उसकी पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री बरामद की. धंधे में लिप्त एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिए जाने की सूचना है. विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इस कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग हैं और तैयार शराब कहां खपाई जाती थी.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि झरिया के राज ग्राउंड स्थित सुनसान स्थान पर अवैध रूप से विदेशी शराब तैयार की जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद विभाग के एसआई प्रदीप कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने झरिया पुलिस के सहयोग से उक्त ठिकाने पर छापेमारी की. इस दौरान मौके से RS, IB और ICON जैसे नामी ब्रांडों के लेबल, खाली बोतलें, नकली रैपर, ढक्कन, स्प्रिट और अन्य सामान बरामद किये गए.
उत्पाद विभाग की टीम हिरासत में लिये गए व्यक्ति पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठिकाने का संचालन कौन करता था, कच्चा माल कहां से आता था और तैयार शराब की आपूर्ति किन इलाकों में की जाती थी. साथ ही इस धंधे में कोई संगठित गिरोह तो शामिल नहीं है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

