- मई माह की अपराध समीक्षा बैठक में SSP प्रभात कुमार ने दिए सख्त निर्देश, 300 चोरी-गुम मोबाइल बरामद, 1277 वारंटों का निष्पादन
- संगठित अपराधियों को चेतावनी, STF रख रही हर गतिविधि पर नजर
- मोबाइल रिकवरी अभियान को मिली रफ्तार, एक माह में 1000 फोन बरामद करने का लक्ष्य
- अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान
- मोहर्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का निर्देश
Dhanbad: जिले के पुलिस मुख्यालय सभागार में मंगलवार को मई माह की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता एसएसपी प्रभात कुमार ने की. बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), डीएसपी, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान एसएसपी ने अपराध नियंत्रण की स्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन, वारंट तामिला, अवैध हथियारों की बरामदगी, साइबर अपराध, संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों और आगामी मोहर्रम पर्व की सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की.

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि धनबाद में किसी भी अपराधी के लिए कोई स्थान नहीं है और अपराध कर कोई भी व्यक्ति बच नहीं सकेगा.
उन्होंने कहा कि जिले में सक्रिय सभी संगठित आपराधिक गिरोहों की निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ) गठित की गई है. कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह समेत अन्य सभी आपराधिक नेटवर्क पर पुलिस की पैनी नजर है. एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाहे अपराधी कितना भी बड़ा या छोटा क्यों न हो किसी को बख्शा नहीं जाएगा. अपराध और पुलिस पर हमले की किसी भी घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. पुलिस कानून के दायरे में रहकर कठोर कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है.

धनबाद पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान छेड़ा है. एसएसपी ने बताया कि मिशन मोड में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एक माह में 1000 मोबाइल फोन बरामद करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने बताया कि लक्ष्य के अनुरूप पुलिस अब तक लगभग 300 मोबाइल फोन बरामद करने में सफल रही है. एसएसपी ने कहा कि मोबाइल रिकवरी एक चुनौतीपूर्ण कार्य है क्योंकि धनबाद में चोरी या गुम हुए कई मोबाइल फोन अन्य जिलों और राज्यों तक पहुंच जाते हैं. इसके बावजूद तकनीकी संसाधनों और समन्वित कार्रवाई के माध्यम से लगातार सफलता प्राप्त की जा रही है.
जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है. यह टीम लगातार छापेमारी अभियान चलाकर हथियार तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खुफिया तंत्र को और मजबूत करने का निर्देश दिया.
आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया गया. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, फ्लैग मार्च, शांति समिति की बैठकें व सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
अपराध समीक्षा के दौरान सामने आए आंकड़ों के अनुसार मई माह में जिले में कुल 420 कांड दर्ज किए गए जबकि 470 मामलों का सफल निष्पादन किया गया. प्रभावी पुलिस कार्रवाई और लगातार अभियान के कारण मई माह में कोई बड़ी आपराधिक घटना सामने नहीं आई. वहीं संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में कई शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई. जिससे जिले में अपराधियों के बीच पुलिस का खौफ बढ़ा है.
धनबाद पुलिस ने मई माह में लंबित मामलों के निष्पादन में उल्लेखनीय सफलता हासिल की. इस दौरान 1250 पुराने मामलों में चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा कराया गया. जिसे पुलिस प्रशासन ने ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. इसके अलावा मई माह में 1884 लोगों को चरित्र प्रमाण पत्र जारी किए गए जबकि ऑनलाइन प्राप्त 398 शिकायतों में से 376 शिकायतों का सफल निष्पादन किया गया.
पुलिस की सक्रिय कार्रवाई का असर लंबित मामलों की संख्या में भी दिखाई दिया. पिछले माह जहां लंबित मामलों की संख्या 1887 थी, वह घटकर 1850 रह गई है. पुलिस मुख्यालय ने अगले दो माह में लंबित मामलों की संख्या 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
वारंट और कुर्की मामलों के निष्पादन में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई. मई माह में 1277 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया तथा 25 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. एसएसपी ने जून माह में लंबित वारंट एवं कुर्की मामलों के कम-से-कम 50 प्रतिशत निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
बैठक के अंत में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान और पुलिस के प्रति जनविश्वास बढ़ाना भी प्राथमिकता है. उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि अपराध मुक्त और सुरक्षित धनबाद बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment