Dhanbad News : धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत दूहाटांड़ स्थित प्रतीक ज्वेलर्स दुकान को चोरों ने निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. बीती रात चोर दुकान का वेंटिलेशन काटकर अंदर दाखिल हुए और करीब 50 हजार रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. चोरी की जानकारी रविवार सुबह संचालक को मिली जब वह दुकान खोलने पहुंचे थे.
इसे भी पढ़ें...
घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. साथ ही चोरों तक पहुंचने के लिए अन्य संभावित सुराग भी जुटाए जा रहे हैं.
इस संबंध में प्रतीक ज्वेलर्स के संचालक सोनू वर्मा ने बताया कि सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो वेंटिलेशन कटा हुआ मिला. अंदर जाकर जांच करने पर दुकान में रखी नकदी और जेवरात गायब मिले. उन्होंने कहा कि चोर करीब 50 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की बालियां, झुमके, नथिया और चांदी के जेवरात ले गए हैं. उन्होंने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी है.
दुकान संचालक ने यह भी बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर अपना कारोबार शुरू किया था. ऐसे में दुकान में हुई चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

