Dhanbad News : धनबाद जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर खटाल और झोपड़ियां बनाने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. प्रशासन की टीम ने शनिवार को रांगाटांड़ ट्रैक्शन कॉलोनी से पांडरपाला तक कार्रवाई की गई. इस दौरान सरकारी जमीन पर बने खटालों और अवैध झोपड़ियों की मापी कर उन्हें चिह्नित किया गया. साथ ही अवैध निर्माणों की नंबरिंग भी की गई.
इसे भी पढ़ें
धनबाद सीओ रामप्रवेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में भूली थाना की पुलिस भी शामिल रही. फिलहाल चिह्नित निर्माणों से संबंधित लोगों को नोटिस देने की तैयारी की जा रही है. नोटिस में निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाया जाएगा.
रेलवे की जमीन पर भी प्रशासन की नजर
सीओ रामप्रवेश कुमार ने बताया कि जिले में सरकारी जमीनों को चिह्नित कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया जा रहा है. रांगाटांड़ ट्रैक्शन कॉलोनी से पांडरपाला तक सरकारी जमीन की मापी की गई है. इस संबंध में डीसी आदित्य रंजन ने रेल अधिकारियों को भी सूचना दे दी है. सरकारी जमीन पर बने खटालों, झोपड़ियों और अन्य अवैध निर्माणों को चिह्नित कर संबंधित लोगों को नोटिस दिया जाएगा. निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
लोको टैंक से मनईटांड़ तक चलेगा अभियान
प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ रांगाटांड़ और पांडरपाला तक सीमित नहीं रहने वाली है. शहरी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर संचालित खटालों और अन्य अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाने की तैयारी है.इसके तहत आने वाले दिनों में लोको टैंक, डीएस कॉलोनी, बरमसिया पुल के आसपास और मनईटांड़ में कार्रवाई की जा सकती है.
प्रशासन का कहना है कि जिले में जहां भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया जाएगा उसे चिह्नित कर नियमानुसार हटाया जाएगा. इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में जमीन की पहचान और अतिक्रमण का आकलन किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

