Dhanbad News : धनबाद। लोक आस्था का महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है. जिले के प्रमुख छठ घाटों पर 1000 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे. भीड़ पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की भी मदद ली जाएगी.
इसे भी पढ़ें
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी प्रमुख घाटों पर रोशनी की व्यवस्था की गई है. गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग की जाएगी. खतरनाक घाटों पर गोताखोरों की तैनाती रहेगी. उन्होंने श्रद्धालुओं से घाटों पर आतिशबाजी नहीं करने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है.
दोनों अर्घ्य पर शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री
छठ के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 नवंबर को पहले अर्घ्य के दिन दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक और 16 नवंबर को दूसरे अर्घ्य पर रात 2 बजे से सुबह 9 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों पर भारी वाहनों ती नो-एंट्री रहेगी. इस दौरान यात्री बसों और भारी मालवाहक ट्रकों को मेमको मोड़ पर ही रोक दिया जाएगा. उन्हें धैया की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी.
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
रानी बांध तालाब के समीप सड़क की एक लेन पर नो-एंट्री, सिटी सेंटर से पूजा टॉकीज तक छोटे-बड़े सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इधर आने वाले वाहनों को रणधीर वर्मा चौक और डीआरएम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा,
पप्पू तालाब वाच एंड वार्ड कॉलोनी से रेलवे हॉस्पिटल तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. मनईटांड़ राजेंद्र साव पेट्रोल पंप से गोल बिल्डिंग तक नो-एंट्री और मेमको मोड़ से निर्धारित अवधि में बसों और भारी वाहनों को धैया की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी.
इसके अलावा सड़क किनारे स्थित प्रमुख छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों पर भी जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी. पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

