Dhanbad News: स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो इसे लेकर जिला परिवहन विभाग ने मंगलवार को गोमो स्थित डिनोबिली स्कूल में संचालित स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया. उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी के नेतृत्व में हुई जांच में 10 स्कूली वाहनों पर करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया जबकि दस्तावेज नहीं मिलने पर एक वाहन को जब्त कर लिया गया.
इसे भी पढ़ें:
जांच के दौरान मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार और शुभम कुमार ने स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी कागजातों की बारीकी से जांच की. कागजात अधूरे अथवा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर 10 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. वहीं एक वाहन के पास आवश्यक कागजात पूरी तरह उपलब्ध नहीं पाए गए. इसके बाद वाहन को जब्त कर हरिहरपुर थाना परिसर में सुपुर्द कर दिया गया.
जांच टीम ने विद्यालय के प्राचार्य और वाहन संचालकों को स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. वाहन चालकों की मौके पर काउंसिलिंग भी की गई. उन्हें निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी गई.
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों में नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी. अभियान के दौरान जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, आईटी सहायक देवेंद्र कुमार, मुकुल कुमार समेत विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

