Search

 
 
 

Dhanbad News : HIV पॉजिटिव प्रसूता की गलत निगेटिव रिपोर्ट से SNMMCH में हड़कंप, बिना सेफ्टी किट हुआ सिजेरियन

Dhanbad News : SNMMCH धनबाद में HIV पॉजिटिव एक प्रसूता की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद बिना सेफ्टी किट के उसका सिजेरियन कर दिया गया. उसी OT में इसके बाद चार अन्य प्रसूताओं का भी ऑपरेशन किया गया.
 
फाइल फोटो.

Dhanbad News : धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल SNMMCH के गायनी विभाग में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. आरोप है कि HIV पॉजिटिव एक प्रसूता की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद बिना सेफ्टी किट के उसका सिजेरियन कर दिया गया. इतना ही नहीं उसी OT में इसके बाद चार अन्य प्रसूताओं का भी ऑपरेशन किया गया. बाद में दोबारा HIV जांच कराने पर उक्त प्रसूता की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अस्पताल में हड़कंप मच गया.

इसे भी पढ़ें


जानकारी के अनुसार बैंक मोड़ क्षेत्र की रहने वाली प्रसूता को प्रसव पीड़ा के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने सिजेरियन डिलीवरी की संभावना को देखते हुए अन्य जांचों के साथ उसका HIV टेस्ट कराया. जांच में महिला के HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई. सदर अस्पताल में आवश्यक सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं होने के कारण महिला को सिजेरियन के लिए SNMMCH रेफर कर दिया गया.


SNMMCH पहुंचने के बाद प्रसूता को गायनी विभाग में भर्ती कराया गया. ऑपरेशन से पहले क्लिनिकल पैथोलॉजी में महिला की दोबारा HIV जांच कराई गई. इस जांच में रिपोर्ट निगेटिव बताई गई. इसी रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों ने महिला का सिजेरियन ऑपरेशन कर दिया. इसके बाद उसी OT में चार अन्य प्रसूताओं का भी ऑपरेशन किया गया.


बताया जा रहा है कि SNMMCH के ICTC (इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर) में HIV जांच के लिए NACO (राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन) से किट उपलब्ध कराई जाती है. वहीं अस्पताल प्रबंधन ने अपने स्तर पर भी HIV जांच किट खरीदी है जिसका इस्तेमाल क्लिनिकल पैथोलॉजी लैब में किया जाता है. आरोप है कि अस्पताल की इस किट से पहले भी जांच में गड़बड़ी की शिकायत सामने आ चुकी है और संक्रमित मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आने की बात कही गई थी.


ऑपरेशन के बाद जब दोबारा महिला के सैंपल की जांच ICTC में NACO से उपलब्ध किट के माध्यम से कराई गई, तो रिपोर्ट HIV पॉजिटिव आई. इसके बाद आनन-फानन में महिला के पति, सास-ससुर और माता-पिता के भी सैंपल जांच के लिए लिये गए हैं. अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है.


अधीक्षक ने दिया जांच का आदेश

SNMMCH अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार गिंदौड़िया ने कहा कि HIV पॉजिटिव प्रसूता के ऑपरेशन की जानकारी मिली है. गायनी विभाग के इंचार्ज को पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रसूता के पति ने महिला के HIV पॉजिटिव होने की जानकारी छिपाई थी. किन परिस्थितियों में सिजेरियन किया गया और प्रक्रिया में कहां चूक हुई इसकी जांच की जा रही है. जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही