Dhanbad News : सड़क निर्माण और विस्थापन से जुड़ी समस्याओं को लेकर सुदामडीह थाना बस्ती के ग्रामीणों ने गुरुवार को मोर्चा खोल दिया.
आंदोलन के कारण साइडिंग का कामकाज प्रभावित हुआ. प्रबंधन की ओर से 10 दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और मामले की जांच कराने के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो गया.
आंदोलन का नेतृत्व यूनियन के ज्वाइंट सेक्रेटरी गौतम कुमार रवानी ने किया. ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण और विस्थापन से संबंधित समस्याओं को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है लेकिन प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.
थाना प्रभारी की पहल पर प्रबंधन से हुई वार्ता
चक्का जाम की सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना प्रभारी आकृष्ट अमन मौके पर पहुंचे. उन्होंने आंदोलनकारियों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने की पहल की. इसके बाद ईजे एरिया के महाप्रबंधक जयंत कुमार दास के साथ ग्रामीणों की वार्ता कराई गई.
वार्ता के दौरान महाप्रबंधक ने ग्रामीणों से सड़क और विस्थापन से संबंधित जरूरी दस्तावेज 10 दिनों के अंदर जमा करने को कहा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कागजात मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त
प्रबंधन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन समाप्त कर दिया. इसके साथ ही सुदामडीह पांच नंबर रेलवे साइडिंग में कामकाज दोबारा सामान्य होने का रास्ता साफ हो गया.

