Search

 
 
 

Dhanbad News : साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करेगी विजडम बुकलेट, पुलिस ने जारी किए ठगी के 30 नए पैटर्न

Dhanbad News : धनबाद में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों व ठगी के बदलते तौर-तरीकों को देखते हुए पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है. 21 अगस्त तक चलने वाले साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत सोमवार को पुलिस लाइन से की गई.
 
जागरूकता रथ रवाना करते अधिकारी.

Dhanbad News : धनबाद में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों व ठगी के बदलते तौर-तरीकों को देखते हुए पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है. 21 अगस्त तक चलने वाले साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत सोमवार को पुलिस लाइन से की गई. अभियान के तहत स्कूलों, संस्थानों और आम लोगों को साइबर ठगी के नए पैटर्न की जानकारी देने के साथ इससे बचने के उपाय भी बताए जाएंगे.

धनबाद की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

इसे भी पढ़ें


अभियान की शुरुआत के मौके पर ‘धनबाद पुलिस विजडम ऑन प्रिवेंशन ऑफ साइबर क्राइम’ बुकलेट का विमोचन किया गया. इसमें साइबर ठगी के 30 अलग-अलग पैटर्न को शामिल किया गया है. पुलिस के अनुसार इन तरीकों का इस्तेमाल कर साइबर अपराधी अब तक लोगों को अपना शिकार बनाते रहे हैं. बुकलेट में कार्टून के माध्यम से भी ठगी के तरीकों और उनसे बचाव को समझाया गया है. ताकि आम लोगों के साथ बच्चों को भी इसे आसानी से समझाया जा सके.


साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं. कभी बैंक अधिकारी बनकर, तो कभी केवाईसी अपडेट करने के नाम पर लोगों को झांसे में लिया जाता है. फर्जी लिंक भेजना, ओटीपी हासिल करना, ऑनलाइन जॉब का लालच देना, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराना, निवेश में मुनाफे का झांसा देना और सोशल मीडिया के जरिए ठगी करना भी बड़ी चुनौती बन चुका है.


जागरूकता कार्यक्रम में डीसी, एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे. डीसी व एसपी ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की.


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों का भरोसा जीतकर उन्हें डराकर या लालच देकर ठगी करते हैं. इसलिए किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत भरोसा करने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है.


हर स्कूल में बनेगा साइबर सुरक्षा मित्रः डीसी

अभियान को स्कूली बच्चों से जोड़ने के लिए कार्यक्रम में जिले के 20 स्कूलों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के अलावा चैंबर के पदाधिकारी, धनबाद बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि और डालसा सचिव को बुलाया  गया था. डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक स्कूल में एक साइबर सुरक्षा मित्र बनाया जाएगा. यह स्कूल के बच्चों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी देगा. स्कूलों की मॉर्निंग असेंबली में सामान्य ज्ञान के सवाल और प्रेरक प्रसंगों के साथ साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल और जरूरी सावधानियां भी विद्यार्थियों को बताई जाएंगी.

 

एफआईआर के आधार पर तैयार हुई बुकलेट

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि धनबाद पुलिस ने दर्ज एफआईआर के आधार पर साइबर ठगी के 30 अलग-अलग तरीकों को बुकलेट में शामिल किया है. इन तरीकों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को ठगने में किया जाता रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तिका को पढ़ने के बाद लोगों में साइबर अपराध को लेकर समझ और सतर्कता बढ़ेगी. इस मौके पर अधिकारियों ने दो जागरूकता रथ रवाना किया. ये रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही