Dhanbad News : धनबाद जिले के कतरास से स्वास्थ्य व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. कतरास के सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में गलत तरीके से गर्भपात कराए जाने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव से एक महिला किरण देवी की मौत हो गई. इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया.
इसे भी पढ़ें
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया है. साथ ही संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण की बात भी सामने आई है. उन्होंने कहा कि साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को बुलाया गया है.
एसडीपीओ ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी को पत्र लिखा गया है. जल्द ही सिविल सर्जन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया जाएगा.
नियमों को ताक पर रखकर चल रहा था सेंटर
एसडीपीओ ने कहा कि सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर नियमों को ताक पर रखकर चलाया जा रहा था. गर्भपात और प्रसवपूर्व लिंग निर्धारण से जुड़े कानून (PCPNDT Act) का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस यह खंगाल रही है कि इस अवैध कृत्य में सेंटर के अन्य कर्मचारियों, डॉक्टरों या बाहर के लोगों की संलिप्तता थी या नहीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

