Dhanbad News : जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जोड़ापीपल के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पत्नी रोशन प्रवीन की मौत हो गई. जबकि पति और उसके दो बच्चे घायल हो गए. घटना में महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर NH-19 जाम कर दिया.
इसे भी पढ़ें
आक्रोशितों ने NH-19 जाम कर मुआवजे की मांग की
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के नावाटांड़ निवासी परिवार श्रीरामपुर से रिश्तेदारों के घर से लौट रहा था. इसी दौरान जोड़ापीपल के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े.
हादसे में गंभीर रूप से घायल रोशन प्रवीन की मौत हो गईं. जबकि उसके पति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 जाम कर आवागमन रोक दिया.
ग्रामीण कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग कर रहे थे. इस दौरान स्थानीय लोगों ने कार चालक समेत तीन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
चार घंटे तक ठप रहा आवागमन
सड़क जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक बातचीत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया.
ग्रामीणों के विरोध के कारण NH-19 पर करीब चार घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. जाम हटने के बाद यातायात सामान्य हुआ. इधर पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

