- लालपुर थाना क्षेत्र के जेल मोड़ के पास की घटना
- छात्रा के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
Ranchi : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित जेल मोड के पास बाइक सवार युवक ने एक 16 वर्षीय छात्रा से छेड़कानी की. आरोप है कि युवक ने 12वीं की तैयारी कर रही छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की. विरोध करने पर उसने उसका बाल पकड़कर खींचा.
हालांकि छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है. छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. दिनदहाड़े छात्रा से छेड़खानी के बीच राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के पुलिस और प्रशासन के दावों पर सवाल उठने लगे हैं.
इसे भी पढ़ें
करमटोली चौक से छात्रा का पीछा करने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी. वह जेल मोड़ की ओर जा रही थी. इसी दौरान करमटोली चौक के पास एक बाइक सवार युवक उसका पीछा करने लगा. छात्रा ने युवक को नजरअंदाज किया और अपने रास्ते आगे बढ़ती रही. आरोप है कि युवक ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा.
सुबह करीब 8.15 बजे जेल मोड़ के पास बाइक सवार युवक ने छात्रा को रोक लिया. इसके बाद उसका हाथ पकड़कर जबरन बाइक पर बैठने के लिए कहने लगा. छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसका बाल पकड़कर खींचा. इस दौरान छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
शोर सुनकर जुटे लोग, आरोपी को पुलिस के हवाले किया
छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटना में इस्तेमाल की गई बाइक का नंबर बीआर03 एके 8943 बताया गया है.
राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के बीच सामने आई इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल छात्रा की शिकायत के आधार पर लालपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

