- घटनास्थल पर दो लोगों ने तोड़ा दम
- रिम्स ले जाने के दौरान एक की मौत
- कंटेनर बीच सड़क पर पलटा, घाटी में लगा भीषण जाम
Ramgarh News : रांची-पटना मुख्य मार्ग के रामगढ़-रांची लेन पर स्थित चुटूपालू घाटी में रविवार रात करीब आठ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. रांची की ओर से आ रहे कंटेनर (एचआर 37 डी 8971) ने आगे चल रही बोलेनो कार (जेएच 02 एजे 5718) को अपनी चपेट में ले लिया.

इस दुर्घटना में कार सवार प्रियांशु चक्रवर्ती (35 वर्ष) और उनकी पत्नी प्रोनाई चक्रवर्ती (32 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं हादसे में घायल अन्य लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में एक की रिम्स ले जाने के दौरान मौत हो गई. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई.
कार में प्रियांशु चक्रवर्ती (70 वर्ष), उनकी पत्नी रीना चक्रवर्ती (60 वर्ष) और चालक राजू कुमार भी सवार थे. हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों की स्थिति और रिम्स रेफर किए गए व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि की नहीं हुई है.
क्षतिग्रस्त कार में फंसे थे सवार, पुलिस और एनएचएआई मौके पर पहुंचे
हादसे के बाद बोलेनो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची. दोनों टीमों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
कार में फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया. हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
सड़क के बीच पलटा कंटेनर, चुटूपालू घाटी में लगा भीषण जाम
टक्कर के बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया. इससे रांची-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और चुटूपालू घाटी में भीषण जाम लग गया. सड़क के बीच कंटेनर पलटे होने के कारण यातायात बहाल करने में काफी परेशानी हुई. करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. बाद में रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराने की कार्रवाई की. जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
घाटी में इससे पहले बाइक सवार भी हुआ हादसे का शिकार
चुटूपालू घाटी में इससे पहले एक अन्य दुर्घटना में बाइक सवार निशांत कुमार सिन्हा अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए. इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं. उन्हें रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से चुटूपालू घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. घाटी में भारी वाहनों की आवाजाही और दुर्घटनाओं के बीच सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

