Dhanbad News : जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित पंचमुखी मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया . सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी चिरकुंडा थाना की पुलिस को दी . सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई.
चार दिन पहले ही अलग रहने गया था मृतक
मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल शर्मा के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही मृतक के पिता विधूत शर्मा (निवासी सोनारडंगाल) और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. राहुल के पिता ने बताया कि उनका बेटा सामान्य जीवन जी रहा था और करीब चार दिन पहले ही अपनी पत्नी के साथ अलग मकान में रहने गया था. राहुल के दो बेटे हैं जिनमें से एक अपने दादा-दादी के साथ रहता है.
पत्नी ने ससुराल पक्ष पर जताया हत्या का संदेह
घटना के बाद मृतक की पत्नी ने अपने ससुराल वालों पर राहुल के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है. पत्नी के अनुसार चार दिन पहले ही वे लोग अलग होकर नए घर में रहने लगे थे और शुक्रवार सुबह अचानक उन्हें राहुल की मौत की सूचना मिली.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई यह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है .चिरकुंडा पुलिस का कहना है कि वे मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा.

