- पुरानी रंजिश में चाकू-तलवार से हमले का आरोप
Dhanbad: सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में शनिवार को 24 वर्षीय युवक करण कुमार राम की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को रणधीर वर्मा चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की.

शव रखकर परिजनों ने किया सड़क जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई. मृतक करण कुमार राम टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों के अनुसार उसके पैर में चोट लगी थी जिसके कारण वह पिछले कुछ दिनों से घर पर ही था.
इसे भी पढ़ें:
परिजनों ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह वह रोज की तरह टहलने के लिए निकला था. इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मुक्तेश्वर महतो और कन्हाईलाल भट्टाचार्य उसे जबरन अपने घर के अंदर ले गए, जहां चाकू और तलवार से हमला करने के साथ उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. गंभीर रूप से घायल करण को परिजन तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) ले गए. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की गहनता से जांच की जा रही है. जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment