Search

 
 
 

Dhanbad Police : अगस्त में 450 कांडों का निष्पादन, लंबित मामले 1700 के करीब

Dhanbad News : नए मामलों की तुलना में अधिक कांडों के निष्पादन के कारण लंबित मामलों की संख्या घटकर करीब 1700 रह गई है. बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने अगले दो महीनों में लंबित कांडों की संख्या 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
 
धनबाद पुलिस की बैठक
  • अपराधियों पर कसा शिकंजा

Dhanbad News :  धनबाद पुलिस ने अगस्त महीने में अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन पर खास जोर दिया. गुरुवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में सामने आया कि अगस्त में जिले के विभिन्न थानों में 406 नए आपराधिक मामले दर्ज हुए. जबकि पुलिस ने 450 कांडों का निष्पादन किया. नए मामलों की तुलना में अधिक कांडों के निष्पादन के कारण लंबित मामलों की संख्या घटकर करीब 1700 रह गई है. 

 

बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अगस्त में जिले में अपराध की स्थिति में कमी दर्ज की गई. इस दौरान कोई बड़ी वारदात या संगठित अपराध की घटना सामने नहीं आई. उन्होंने इसे पुलिस की लगातार निगरानी, नियमित गश्त और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का नतीजा बताया. एसएसपी ने थाना प्रभारियों को इसी रणनीति को आगे भी प्रभावी तरीके से जारी रखने का निर्देश दिया. साथ ही अगले दो महीनों में लंबित कांडों की संख्या 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया.

 

Uploaded Image

समीक्षा बैठक करते अधिकारी

 

400 वारंट का हुआ निष्पादन

अगस्त में न्यायालय से जारी करीब 400 लंबित वारंट का पुलिस ने निष्पादन किया. एसएसपी ने सभी दागी व्यक्तियों का दोबारा सत्यापन कराने के साथ ही फरार और वारंटी आरोपियों के खिलाफ अभियान और तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

 

इसे भी पढ़ें

 

69 लाख का चालान वसूला

यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी रही. अगस्त में विभिन्न यातायात  उल्लंघनों के मामलों में करीब 69 लाख रुपये का चालान वसूला गया. एसएसपी ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया.

 

चोरी और बाइक चोरी पर विशेष नजर

बैठक में चोरी, गृहभेदन और बाइक चोरी के मामलों की भी समीक्षा की गई. थाना प्रभारियों को इन मामलों में विशेष अभियान चलाकर लंबित अनुसंधान जल्द पूरा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और चोरी की संपत्ति बरामद करने का निर्देश दिया गया. साथ ही थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया.

 

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुराने मामलों का निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है. लंबित कांडों को कम करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही