Dhanbad News : दुर्गापूजा में मां दुर्गा के दर्शन से लेकर पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ तक हर गतिविधि पर धनबाद पुलिस की नजर रहेगी.
पुलिस लाइन में बुधवार को मॉक ड्रिल कर जवानों को भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों से निपटने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई का अभ्यास कराया गया. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर और ट्रैफिक डीएसपी भी मौजूद रहे.
पुलिस की तैयारियां केवल मॉक ड्रिल तक सीमित नहीं हैं.सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बाहरी जिलों से 400 होमगार्ड धनबाद पहुंच चुके हैं जबकि 700 और जवानों के आने की उम्मीद है. दूसरी ओर एसएसपी प्रभात कुमार और उपायुक्त आदित्य रंजन विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं. सुरक्षा व्यवस्था के तहत आज और कल फ्लैग मार्च निकालने की भी तैयारी है.
मॉक ड्रिल से परखी गई जवानों की तैयारी
पुलिस लाइन में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान जवानों को अलग-अलग परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों से निपटने का पूर्वाभ्यास कराया गया. इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है.
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि हर बड़े पर्व से पहले इस तरह का अभ्यास कराया जाता है ताकि पुलिसकर्मी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें. दुर्गापूजा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी.
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती
दुर्गापूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. बाहरी जिलों से 400 होमगार्ड पहुंच चुके हैं जबकि 700 अतिरिक्त जवानों के आने की उम्मीद है. फिलहाल जिले में कुल 2760 जवान हैं और अतिरिक्त 1108 जवानों के आंकड़े भी सामने आए हैं.
पुलिस प्रशासन का जोर पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु रखने पर है.
चार रूटों पर डायवर्जन, कई जगह नो एंट्री
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है.चार रूटों पर डायवर्जन की व्यवस्था की गई है.रणधीर वर्मा चौक पर नो एंट्री लागू रहेगी और वाहनों को पुराना बाजार की ओर डायवर्ट किया गया है.
वहीं सरायढेला स्थित आविष्कार और थाना मोड़ के पास सप्तमी से दशमी तक नो एंट्री लागू रहेगी.इन बदलावों का उद्देश्य पूजा पंडालों के आसपास जाम की स्थिति को नियंत्रित करना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है.
पुलिस की अपील, नियमों का करें पालन
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है. साथ ही दुर्गापूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

