Search

 
 
 

धनबाद पुलिस को मिली 45 नई बाइक, दुर्गापूजा में संकरी गलियों में गश्ती होगी आसान

Dhanbad News : इन बाइकों के मिलने से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से लेकर संकरी गलियों तक पुलिस की पहुं च आसान होगी. किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी.
 
धनबाद पुलिस को मिली 45 नई बाइक

Dhanbad News : दुर्गापूजा में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, ट्रैफिक का दबाव और सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए धनबाद पुलिस की गश्ती व्यवस्था को नई मजबूती मिली है. मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में 45 नई बाइकों का आवंटन किया गया. उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुलिस जवानों को नई बाइकें सौंपी. 

 

 

इन बाइकों के मिलने से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से लेकर संकरी गलियों तक पुलिस की पहुं च आसान होगी. किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी.त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और पूजा पंडालों के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुटती है.ऐसे में यातायात नियंत्रण के साथ-साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है. 

 

नई बाइकों से पुलिसकर्मी उन इलाकों में भी आसानी से गश्त कर सकेंगे जहां चारपहिया वाहनों से पहुंचना मुश्किल होता है. इससे भीड़ के बीच निगरानी बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.

 

दो चरणों में मिलीं करीब 200 बाइकें

धनबाद पुलिस को संसाधनों से लैस करने के लिए राज्य सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसी क्रम में दूसरे चरण में 45 नई बाइकें उपलब्ध कराई गई हैं. इससे पहले पहले चरण में पुलिस को 160 बाइकें मिली थीं. 

 

दोनों चरणों को मिलाकर करीब 200 नई बाइकें धनबाद पुलिस को उपलब्ध कराई जा चुकी हैं. इसके अतिरिक्त जिले की पुलिस को 80 अत्याधुनिक बोलेरो वाहन भी दिए गए हैं.पुलिस अधिकारियों के अनुसार वाहनों की उपलब्धता बढ़ने से गश्ती व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी. पुलिसकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी. इससे नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को गति देने में मदद मिलेगी.

 

यातायात पुलिस को मिलीं नई बाइकें

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि आवंटित 45 बाइकें यातायात पुलिस को दी गई हैं.दुर्गापूजा के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ जाता है.पूजा पंडालों के आसपास जाम की स्थिति बनने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करना भी जरूरी होता है. 

 

बाइक से पुलिसकर्मी ऐसे स्थानों पर आसानी से पहुंच सकेंगे और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे.एसएसपी के मुताबिक पुरानी बाइकों को मिलाकर जिले में करीब 2800 बाइकें उपलब्ध हैं. इनका इस्तेमाल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में किया जा रहा है.नई बाइकों के शामिल होने से पुलिस की गतिशीलता बढ़ेगी और जरूरत के अनुसार जवानों की तैनाती करने में सहूलियत होगी.

 

सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई पर जोर

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को मजबूत बनाने के लिए लगातार संसाधन उपलब्ध करा रही है. त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. नई बाइकें मिलने से किसी भी घटना या सूचना पर पुलिस के लिए तत्काल मौके पर पहुंचना आसान होगा. इसका लाभ कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मिलेगा.

 

दुर्गापूजा को देखते हुए धनबाद पुलिस की प्राथमिकता भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने, यातायात को व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति से तेजी से निपटने की है.नई बाइकों के आवंटन से इन तैयारियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही