एसएसपी प्रभात कुमार ने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक
Dhanbad : धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में मंगलवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे. समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि फरवरी में जिले के थानों व ओपी में अपराध के जितने मामले दर्ज हुए उससे अधिक का निष्पादन किया गया.
एसएसपी ने बैठक में जिले में अपराध की वर्तमान स्थिति, कानून-व्यवस्था, दर्ज कांडों के निष्पादन, लंबित मामलों की प्रगति और विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
पहली बार लंबित कांडों की संख्या घटकर 1999
बताया गया कि फरवरी में जिले में कुल 369 कांड दर्ज किए गए, जबकि इसी अवधि में 402 लंबित कांडों का निष्पादन किया गया. इस प्रकार पुलिस ने दर्ज मामलों से अधिक मामलों का निष्पादन कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप जिले में लंबित मामलों की संख्या में भी बड़ी कमी आई है. पहली बार लंबित कांडों की संख्या घटकर 1999 रह गई है. पिछले वर्ष यह संख्या करीब 4300 थी.
आर्म्स एक्ट मामलों में स्पीडी ट्रायल
बैठक में आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई. पूर्व से लंबित 85 मामलों में स्पीडी ट्रायल कराया जा रहा है.इसके परिणामस्वरूप फरवरी में पांच मामलों में आरोपियों को कोर्ट ने सजा सुनाई है, जबकि अन्य मामलों की सुनवाई भी तेजी से जारी है. एसएसपी ने लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए. मार्च में कम से कम 50 प्रतिशत लंबित वारंटों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. इसके लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment