Search

 
 
 

धनबाद पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, प्रिंस खान गैंग का नेटवर्क ध्वस्त

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि छापेमारी में पुलिस ने गैंग के चार स्लीपर सेल सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 17,34,900 रुपये नकद, एक पिस्टल, 47 गोलियां, दर्जनों बैंक के दस्तावेज व मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
 

4 गिरफ्तार, 17 लाख कैश, पिस्तौल व 47 गोलियां बरामद


Dhanbad : दुबई में बैठकर कोयलांचल में अपराध का जाल बिछाने वाले भगोड़े प्रिंस खान के नेटवर्क पर धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार की सुबह वासेपुर के विभिन्न इलाकों में करीब 30 ठिकानों पर की गई छापेमारी में पुलिस ने गैंग के चार स्लीपर सेल सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 17,34,900 रुपये नकद, एक पिस्टल, 47 गोलियां, दर्जनों बैंक के दस्तावेज व मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. यह जानकारी एसएसपी प्रभात कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर दी.


 उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के लिए काम कर रहे कुछ लोग धनबाद में सक्रिय हैं. इसके बाद ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, 6 डीएसपी, 7 इंस्पेक्टर व 36 एसआई सहित कुल 60 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई. टीम ने मंगलवार तड़के 5 बजे एक साथ छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी में कबाड़ी पट्टी निवासी परवेज खान (55), नवीनगर वासेपुर निवासी तौशिफ आलम उर्फ मुसा (33), कमर मखदुमी रोड निवासी सैफ आलम उर्फ राशिद और शमशेर नगर निवासी इम्तियाज अली उर्फ लाडले (46) को गिरफ्तार किया गया.

 

 तलाशी में पुलिस को 70 जमीन डीड पेपर, 18 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 9 चेकबुक,5 मोबाइल फोन, नगालैंड से निर्गत 6 राउंड की एक पिस्तौल व 47 गोलियां समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है. एसएसपी ने बताया कि बरामद नगदी की वैधता की जांच आयकर विभाग से कराई जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे प्रिंस खान के गिरोह के लिए सहयोगी के रूप में काम करते थे. साथ ही धनबाद में आने वाले गैंग सदस्यों को ठहराने और स्थानीय कारोबारियों की जानकारी जुटाने का भी काम करते थे.


एसएसपी ने यह भी खुलासा किया कि गैंग द्वारा वसूली गई रकम हवाला और USDT क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से दुबई में बैठे प्रिंस खान तक भेजी जाती थी. इसके अलावा, धनबाद के बरवाअड्डा, गोविंदपुर और 8 लेन क्षेत्र में जमीन कारोबार के जरिए इस पैसे को सफेद धन में बदला जाता था. उन्होंने बताया कि चारों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पूरे नेटवर्क की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच जारी है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही