Dhanbad : धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में रामनवमी के दिन जुलूस पर हुए पथराव की घटना अब राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है. प्रदेश कांग्रेस की चार सदस्यीय टीम सोमवार को धनबाद पहुंची और घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया.
दौरे के बाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर ने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले पर गंभीर है. उन्होंने जिला प्रशासन व पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ी. एक ही मार्ग से तीन बार जुलूस निकालने की अनुमति दी गई, जिसमे भड़काऊ भाषण के साथ नारेबाजी की गई. लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही.
शहजाद अनवर ने मुस्ताक आलम के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की. कहा कि उन्हें आतंकवादी की तरह रस्सी से बांधकर घुमाया गया, जो मानवाधिकारों का उल्लंघन है. कांग्रेस नेताओं ने धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो पर भी गंभीर आरोप लगाए. कहा कि सांसद और उनके कुछ सहयोगियों पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, विजय गोराई समेत अन्य लोगों ने माहौल को भड़काने का काम किया. टीम ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंप दी है. मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि सभी दोषियों के साथ लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

