Search

 
 
 

धनबादः प्रधान जिला जज की अपील- प्रकृति की रक्षा में प्रहरी बनें

प्रधान जिला जज ने कहा कि हमें पर्यावरण कानूनों को सिर्फ किताबों में नहीं पढ़ना चाहिए बल्कि उन्हें जीवन में उतारना चाहिए. हरित क्रांति केवल खेतों में नहीं, हमारे विचारों में होनी चाहिए
 

Dhanbad : विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरुवार को धनबाद सिविल कोर्ट परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) ने कार्यक्रम का आयोजन किया. बतौर मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेन्द्र कुमार तिवारी शरीक हुए. उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कहा कि वह आज एक न्यायाधीश के रूप में नहीं बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक और पृथ्वीपुत्र के रूप में संवाद कर रहे हैं. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन का अधिकार तभी सार्थक है जब स्वच्छ वायु, निर्मल जल और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध हो. उन्होंने कहा कि आज संपूर्ण विश्व पर्यावरण दिवस मना रहा है. यह एक चेतावनी है, पुकार है कि हम जागें, संभलें और पर्यावरण रक्षा का संकल्प लें. प्रकृति की रक्षा में प्रहरी बनें.

इस मौके पर प्रधान जिला जज ने सिविल कोर्ट के चार बागवानी व सफाईकर्मियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि हमें पर्यावरण कानूनों को सिर्फ किताबों में नहीं पढ़ना चाहिए बल्कि उन्हें जीवन में उतारना चाहिए. हरित क्रांति केवल खेतों में नहीं, हमारे विचारों में होनी चाहिए . उन्होंने नदियों, पेड़ों और धरती को श्रद्धा और आस्था का प्रतीक मानने की बात कही. आम लोगों से आह्वान किया कि जब तक धरती हरी है, तब तक जीवन हरा है. उठिए, जागिए और प्रकृति की रक्षा में एक प्रहरी बनिए, यही सच्चा राष्ट्रधर्म है. कार्यक्रम में श्रम न्यायाधीश रमाकांत मिश्रा, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह प्रभारी सचिव डालसा अभिजीत पाण्डेय, रजिस्ट्रार आई जेड. खान, सिविल जज एंजेलिना जॉन, डीएफओ विकास पालीवाल, एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, डालसा सहायक अरुण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही