Dhanbad: शहर के पम्पु तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को रेलवे ने बड़ा अभियान चलाया. तालाब के समीप रेलवे की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया. जिसमें करीब एक दर्जन से अधिक अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया.

बताया जाता है कि पम्पु तालाब का करोड़ों रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. इसी बीच तालाब के आसपास स्थित रेलवे की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से मकान और खटाल बनाकर कब्जा कर लिया था. रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया.इसके बाद रेलवे की ओर से मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया.

अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बनाए गए करीब एक दर्जन मकानों और खटालों को तोड़ दिया गया. हालांकि अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से कुछ विरोध भी देखने को मिला. स्थिति को देखते हुए मौके पर रेलवे अधिकारियों के साथ आरपीएफ और धनबाद थाना की पुलिस भी मौजूद थी. पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद अभियान जारी रखते हुए इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.

इस संबंध में रेलवे अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आगे भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, ताकि पम्पु तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य में कोई बाधा न आए.
धनबाद थाना के एसआई देवेन्द्र कुमार ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि पप्पू तालाब स्थित डीएस कॉलोनी में रेलवे द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ वहां मौजूद रहे. फिलहाल उक्त स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment