Search

 
 
 

धनबाद : रानी तालाब में विशेष सफाई अभियान, अधिकारियों ने श्रमदान व वृक्षारोपण किया

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को रानी तालाब, धैया में विशेष सफाई अभियान के तहत व्यापक सफाई और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अभियान में जिले के कई वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर श्रमदान किया और लोगों को जलाशयों के संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.
 
  • वृक्षारोपण कर दिया स्वच्छता व जल संरक्षण का संदेश

Dhanbad :  स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को रानी तालाब, धैया में विशेष सफाई अभियान के तहत व्यापक सफाई और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अभियान में जिले के कई वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर श्रमदान किया और लोगों को जलाशयों के संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.

 

कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने स्वयं रानी तालाब परिसर की सफाई में हिस्सा लिया और परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

 

सुबह शुरू हुए इस अभियान में धनबाद नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. नगर निगम की टीम ने तालाब के आसपास जमा कचरे को हटाया, परिसर की साफ-सफाई की और क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया. साथ ही कई स्थानों पर पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने की पहल भी की गई.

 

 

इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि नगर निगम द्वारा रानी तालाब में आयोजित यह कार्यक्रम बेहद सराहनीय है. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में से एक है और यहां सफाई अभियान चलाकर इसे एक आदर्श स्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है.

 

आदित्य रंजन ने यह भी बताया कि इसी प्रकार जिले के सभी वार्डों में एक-एक जलाशय को चिन्हित कर प्रत्येक माह एक दिन विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. जिस वार्ड में यह अभियान बेहतर तरीके से संचालित होगा, वहां विभिन्न विकास योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए लागू करने का प्रयास किया जाएगा.

 

 

 

डीसी ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण, निर्माण कार्य और बढ़ती आबादी के कारण धनबाद में जलाशयों की संख्या लगातार कम होती जा रही है. ऐसे में आने वाली पीढ़ियों के लिए इन जल स्रोतों का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है.

 

इस दौरान उपायुक्त ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जलाशयों में किसी भी प्रकार का कचरा या पूजन सामग्री न फेंकें और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर और आसपास के क्षेत्र की सफाई करने का संकल्प लेने की भी अपील की.

 

साथ ही आदित्य रंजन ने सभी वार्ड पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने वार्ड में ऐसे स्थानों की पहचान करें, जो अत्यधिक गंदे हैं और जहां सुधार की आवश्यकता है. नगर निगम की पूरी टीम के साथ मिलकर ऐसे स्थलों का जीर्णोद्धार किया जाएगा.

 

उन्होंने कहा कि जो वार्ड स्वच्छता अभियान में बेहतर प्रदर्शन करेगा, वहां विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा. इस अभियान के माध्यम से प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि स्वच्छ शहर और सुरक्षित पर्यावरण के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही