Search

 
 
 

धनबादः एसएसपी ने की मासिक क्राइम मीटिंग, गैंगस्टर प्रिंस खान पर कड़ा रुख

एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. पुलिस सभागार में हुई इस बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सभी डीएसपी,एसडीपीओ, थाना प्रभारी व सर्किल इंस्पेक्टर मौजूद थे.
 
पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते एसएसपी प्रभात कुमार.

Dhanbad : धनबाद जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. पुलिस सभागार में हुई इस बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सभी डीएसपी,एसडीपीओ, थाना प्रभारी व सर्किल इंस्पेक्टर मौजूद थे.


बैठक में बीते महीने के अपराध से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई. कांडों के निष्पादन, नए मामलों की रिपोर्टिंग, वारंट के निष्पादन, यूडी मामलों में प्रगति, महत्वपूर्ण मामलों के डिटेक्शन सहित विभिन्न बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई. इसके साथ ही मार्च महीने में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति का भी आकलन किया गया जिसमें पुलिस का ओवरऑल प्रदर्शन संतोषजनक और प्रभावी पाया गया.

 


फरार गैंगस्ट प्रिंस खान के मामले में एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रिंस खान की गिरफ्तारी को लेकर लगातार प्रयास जारी हैं. इस संबंध में CBI अधिकारियों के साथ भी बैठक हुई है. शुक्रवार को भी सीबीआई के वरीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर आगे की रणनीति तैयार की गई. उन्होंने कहा कि यदि कोई भी संगठित अपराधी मोबाइल, मैसेज या अन्य माध्यम से धमकी देकर रंगदारी की मांग करता है, तो लोगों को डरने की जरूरत नहीं है. इसकी तुरंत पुलिस को सूचना दें. पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. 


लंबित मामलों में आई कमी


आंकड़ों के अनुसार, मार्च महीने में कुल 337 नए मामले दर्ज किए गए, जबकि 410 मामलों का निष्पादन किया गया. इसका सीधा असर लंबित मामलों की संख्या पर पड़ा है, जो घटकर 1998 से 1935 पर पहुंच गई है. एसएसपी ने बताया कि 10 महीने पहले जिले में लंबित मामलों की संख्या लगभग 4300 थी. लगातार प्रयासों से इसे घटाकर 1900 के करीब लाया गया है. हर महीने औसतन 50 से 60 मामलों की कमी दर्ज की जा रही है, जो बेहतर पुलिसिंग का संकेत है.

 

अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत

 

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अब अपराधियों के खिलाफ पहले से ज्यादा सख्ती बरती जाएगी. यदि कोई अपराध करने की कोशिश करता है तो उसे उसी अनुपात में कड़ा जवाब दिया जाएगा. यदि कोई घटना होती है तो उस पर त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने के आम लोगों व व्यापारियों से अपील की कि निडर होकर अपने कार्य करें.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही