Search

 
 
 

धनबाद: राजापुर आउटसोर्सिंग की ब्लास्टिंग से घरों में गिरे पत्थर, 3 घायल, ग्रामीणों ने किया हंगामा

मामला उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब ग्रामीणों से बातचीत करने पहुंचे राजापुर के परियोजना पदाधिकारी (पीओ) को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. इस दौरान ग्रामीणों और पीओ के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. ग्रामीणों ने प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर लोगों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया.
 
ब्लास्टिंग के बाद हंगामे की तस्वीर

Dhanbad: झरिया में कोयला उत्पादन की रफ्तार रिहायशी आबादी की जिंदगी पर भारी पड़ने लगी है. बीसीसीएल के बस्ताकोला क्षेत्र अंतर्गत राजापुर आउटसोर्सिंग में की गई हेवी ब्लास्टिंग ने कोयरीबांध  बस्ती के लोगों को दहशत में डाल दिया. ब्लास्टिंग के दौरान माइंस से उड़े बड़े-बड़े पत्थर बस्ती के कई घरों में जा गिरे. अचानक हुई पत्थरों की बारिश से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस घटना में एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग घायल हो गए. हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में लोग राजापुर आउटसोर्सिंग पहुंचकर प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे.

 

मामला उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब ग्रामीणों से बातचीत करने पहुंचे राजापुर के परियोजना पदाधिकारी (पीओ) को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. इस दौरान ग्रामीणों और पीओ के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. ग्रामीणों ने प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर लोगों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया.

 

ग्रामीणों के अनुसार, राजापुर आउटसोर्सिंग परियोजना से कोरीबांध बस्ती की दूरी महज 500 मीटर है. इसके बावजूद परियोजना में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और सुरक्षा जाली के हेवी ब्लास्टिंग की जा रही है. ब्लास्टिंग के दौरान उड़ने वाले पत्थर सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं. कभी छत पर तो कभी आंगन में बड़े-बड़े पत्थर गिरते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस बार पत्थरों की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए. गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई.

इसे भी पढ़ें - 

 

घर में रहने वाले ही नहीं, राहगीर और बच्चे भी खतरे में

ग्रामीणों का कहना है कि आउटसोर्सिंग में होने वाली ब्लास्टिंग से सिर्फ घरों को नुकसान नहीं पहुंच रहा बल्कि पूरी बस्ती की सुरक्षा खतरे में है. सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और घरों के आसपास खेलने वाले बच्चों पर भी हर वक्त पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है. लोगों ने आरोप लगाया कि डीजीएमएस के सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना ब्लास्टिंग की जा रही है. इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

 

मुआवजा नहीं मिला तो ठप करेंगे आउटसोर्सिंग

हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि ब्लास्टिंग में घायल लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए. जिन घरों को नुकसान पहुंचा है, उनकी क्षतिपूर्ति की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. ग्रामीणों ने रिहायशी इलाके को खतरे में डालने वाली ब्लास्टिंग पर रोक लगाने की भी मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन ने जल्द उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की तो राजापुर आउटसोर्सिंग का चक्का जाम कर दिया जाएगा. 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही