Dhanbad : धनबाद जिला प्रशासन रामनवमी का त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह सतर्क है. डीसी आदित्य रंजन व एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में गुरुवार की शाम बाइक फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से निकलकर शहर के प्रमुख व संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इससे लोगों में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया.
मार्च में शामिल अधिकारी व पुलिस जवान बाइक पर सवार होकर कोर्ट मोड़, बेकारबांध, झारूडीह, बाबूडीह, विनोद बिहारी चौक, भूली, आरा मोड़, पांडरपाला, आजाद नगर, रहमतगंज, वासेपुर, नया बाजार, बैंक मोड़, पुराना बाजार, शक्ति मंदिर रोड, जोड़ाफाटक, धनसार व शास्त्री नगर समेत कई इलाकों में गश्त करते नजर आए.
इन क्षेत्रों में प्रशासन व पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना. फ्लैग मार्च के दौरान जगह-जगह लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया. डीसी आदित्य रंजन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रामनवमी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम व सौहार्द के साथ मनाएं. किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ बयानबाजी या असामाजिक गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पूरे जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, क्विक रिस्पांस टीम (QRT), दंगा नियंत्रण बल व सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. फ्लैग मार्च में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एसडीओ लोकेश बारंगे, डीएफओ विकास पालीवाल सहित कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी व बड़ी संख्या में जवान शामिल रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

