Search

 
 
 

धनबादः उत्पाद सिपाही परीक्षा को लेकर सख्ती, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर बैन

डीसी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लू टूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेजर या अन्य तकनीकी उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
 
बैठक में जानकारी देते डीसी, एसएसपी व अन्य.

Dhanbad : झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 12 अप्रैल को आयोजित होगी. धनबाद में परीक्षा शांतिपूर्ण व त्रुटि-मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीतक्ष के लिए जिले में 77 केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा को लेकर डीसी आदित्य रंजन व एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को न्यू टाउन हॉल में दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त दिशा-निर्देश दिए.


डीसी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लू टूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेजर या अन्य तकनीकी उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. अभ्यर्थियों को केवल आवश्यक लेखन सामग्री के साथ ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. प्रवेश के दौरान सघन जांच, पहचान पत्र का सत्यापन और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी.

 


उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, ऑब्जर्वर, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच जाएं. परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश व निकास के लिए सिंगल गेट सिस्टम लागू रहेगा. ताकि सुरक्षा व अनुशासन बनाए रखा जा सके. प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम के आसपास मीडिया के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है. 


स्ट्रांग रूम में कॉपियां पहुंचने तक तैनात रहेंगे दंडाधिकारी

 

डीसी ने निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में जमा किए जाने तक दंडाधिकारी केंद्र पर मौजूद रहेंगे. सभी अधिकारियों को अपने-अपने केंद्र और वहां तक जाने वाले मार्ग का पूर्व निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया.

 

एसएसपी प्रभात कुमार ने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को प्रश्न पत्रों का समय पर वितरण और आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर केवल स्टैटिक दंडाधिकारी, एग्जाम ऑब्जर्वर व सेंटर सुपरिंटेंडेंट को ही मोबाइल रखने की अनुमति होगी, वह भी केवल आधिकारिक संपर्क के लिए.

 

तीन शिफ्टों में होगी परीक्षा


परीक्षा तीन शिफ्टों में ली जाएगी. पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से 10:30 (सामान्य ज्ञान), दूसरी शिफ्ट सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे (जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा), तीसरी शिफ्ट दिन के 3:30 से शाम 5:30 बजे तक (भाषा ज्ञान) होगी. परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग टाइम सुबह 7:00 बजे निर्धारित है. परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही