Search

 
 
 

धनबादः बच्चा चोरी की आशंका में तीन महिलाओं की बेरहमी से पिटाई, पुलिस वाहन पर हमला

भीड़ ने मौके पर मौजूद तीन महिलाओं को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. महिलाओं को लात-घूंसों व जूतों से पीटा गया. वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
 

Dhanbad : धनबाद जिले में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है. इसके बावजूद भीड़ की मानसिकता पर लगाम नहीं लग पा रही है. ताजा मामला जिले के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के निछानी पुल के पास का है. मंगलवार को बच्चा चोरी की अफवाह फैलते ही उग्र भीड़ ने तीन महिलाओं को बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी चप्पल व जूते फेंके गए.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निछानी पुल के समीप अचानक बच्चा चोरी की चर्चा फैल गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए. भीड़ ने मौके पर मौजूद तीन महिलाओं को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. महिलाओं को लात-घूंसों व जूतों से पीटा गया. वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 

तीनों महिलाओं को भीड़ से छुड़ा ले गई पुलिस

 

घटना की सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची. आक्रोशित भीड़ ने  पुलिस वाहन को भी नहीं बख्शा और उस पर चप्पल-जूते फेंककर विरोध जताया. काफी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने किसी तरह तीनों महिलाओं को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले गई.

 

जांच जारी, दोषी बख्शे नहीं जाएंगेः एसडीपीओ 

 

इस संबंध में बुधवार को बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बच्चा चोरी की सूचना की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल बच्चा चोरी की पुष्टि नहीं हुई है. प्रारंभिक जांच में यह मामला महज अफवाह प्रतीत हो रहा है. उन्होंने ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों व कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही