Dhanbad News : भाटडीह ओपी क्षेत्र के नागदा स्थित आमबागान के समीप बुधवार देर रात ग्रामीणों ने बीसीसीएल के स्क्रैप लोहा लदे एक टाटा मैजिक वाहन को पकड़ा. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना भाटडीह ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बीसीसीएल के अधिकारी और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की.
ग्रामीणों के अनुसार, देर रात एक टाटा मैजिक वाहन नागदा की ओर से स्क्रैप लोहा लेकर जा रहा था. आमबागान के पास वाहन को देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ. उन्होंने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोहा लदा मिला. इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन और चालक को रोका और पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची भाटडीह ओपी पुलिस ने बीसीसीएल अधिकारियों और सीआईएसएफ जवानों की मौजूदगी में वाहन पर लदे स्क्रैप की जांच की. पूछताछ के दौरान वाहन चालक की पहचान पाथरगड़िया पंचायत की मुखिया नमिता देवी के पुत्र कविराज महतो के रूप में बताई गई. पुलिस ने चालक और टाटा मैजिक वाहन को कब्जे में लेकर भाटडीह ओपी पहुंचाया.
इसे भी पढ़ें
ग्रामीणों ने लगाया चोरी का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन में लदा स्क्रैप लोहा बीसीसीएल का है और इसे कथित तौर पर नागदा स्थित बंद खदान क्षेत्र से चोरी कर ले जाया जा रहा था. ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि बंद खदान क्षेत्र से स्क्रैप चोरी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं. हालांकि स्क्रैप की वास्तविक स्थिति और उसके स्रोत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
भाटडीह ओपी प्रभारी अनुप कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वाहन पर लदे स्क्रैप की जांच बीसीसीएल अधिकारियों की मदद से कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में चोरी की पुष्टि होने पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

