Search

 
 
 

धनबादः पिट वाटर की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना, ओबी डंपिंग कार्य 6 घंटे ठप

कोलियरी प्रबंधन ने जीएम से वार्ता के बाद एक सप्ताह के भीतर  एक नया तथा पुराने समरसेबल पंप को दुरुस्त कर लगाने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलकर पिट वाटर की आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया. इसके बाद पार्षद अलीम अंसारी ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की.
 

Dhanbad : झरिया के जोड़ापोखर क्षेत्र की बरारी बस्ती के पास आउटसोर्सिंग परियोजना में पिट वाटर की आपूर्ति की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया. वार्ड 48 के पार्षद अलीम अंसारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एक नंबर गोलंबर पर धरना दिया और ओबी डंपिंग कार्य रोक दिया. करीब छह घंटे तक ओबी डंपिंग कार्य ठप रहा. इससे खनन कार्य भी प्रभावित हुआ.


आंदोलन के चलते बीसीसीएल व आउटसोर्सिंग कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा. ग्रामीणों का आरोप है कि परियोजना विस्तार के दौरान बरारी एक नंबर व छह नंबर भूमिगत खदान से पाइपलाइन के माध्यम से होने वाली पिट वाटर की आपूर्ति पिछले एक वर्ष से बाधित है. पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और समरसेबल पंप के खराब होने के कारण क्षेत्र के हजारों परिवारों को पानी नहीं मिल पा रहा है.


बरारी कोलियरी प्रबंधन के अधिकारियों ने दो चरणों में पार्षद और ग्रामीणों से वार्ता की. परियोजना पदाधिकारी अनिल महतो, विद्युत अभियंता एके सिंह और मुर्शीद आलम ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया. लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे.


अंततः कोलियरी प्रबंधन ने जीएम से वार्ता के बाद एक सप्ताह के भीतर  एक नया तथा पुराने समरसेबल पंप को दुरुस्त कर लगाने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलकर पिट वाटर की आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया. इसके बाद पार्षद अलीम अंसारी ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की. धरना-प्रदर्शन में सबूर गोराई, इश्तियाक अंसारी, सद्दाम हुसैन, हलीम अंसारी, जुबेर अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही