Ranchi News : जिले के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में एक व्यक्ति ने छलांग लगाई है. कूदने वाले की पहचान झारखंड विधानसभा में कार्यरत कर्मचारी बुलंद अख्तर के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची है और डैम के आसपास छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस को डैम के किनारे एक वाहन, चप्पल और बरसाती मिली है.
घर से निकले थे, फिर नहीं लौटे
परिजनों के अनुसार, बुलंद अख्तर बुधवार को अपने घर से निकले थे. देर शाम तक उनके वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान धुर्वा डैम के पास उनका वाहन और अन्य सामान मिलने की जानकारी पुलिस को मिली. पुलिस को आशंका है कि उन्होंने डैम में छलांग लगाकर आत्महत्या की है. हालांकि अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
एनडीआरएफ को बुलाया गया
डैम में पानी की गहराई अधिक होने के कारण शव की तलाश के लिए रांची पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम से संपर्क किया है. टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर पानी में तलाश की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव बरामद होने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

