Hazaribagh News: एनएच-19 के बरही चौपारण सड़क निर्माण में लापरवाही और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी अब संबंधित संवेदक को भारी पड़ सकती है. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संवेदक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें:
सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक से बरही-चौपारण सड़क की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
सड़क निर्माण में भूमि अधिग्रहण और संरचनाओं से प्रभावित रैयतों को मुआवजा भुगतान में हो रही देरी को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर मुआवजा मिल सके और परियोजना के कार्यान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं हो.
रोड कंस्ट्रक्शन डिवीजन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 26 जनवरी तक कम से कम 80 प्रतिशत प्रभावित रैयतों को मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
प्रशासन की इस सख्ती से एनएच-19 पर सड़क निर्माण की गति बढ़ाने, दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

