Deoghar: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन में लापरवाही सामने आयी है. देवघर जिला के जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के सोनारायठाढ़ी प्रखंड में निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कुछ मामलों में दस्तावेजों के सत्यापन से जुड़ी कमियां पकड़ीं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी चिह्नित त्रुटियों को 30 नवंबर तक दूर कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाताओं की सुनवाई से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की. इस दौरान उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए. साथ ही किसी विदेशी या अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं होना चाहिए. इसके लिए सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बारला, संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

