Ranchi News : झारखंड में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला रहेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान 22 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और गरज होने की संभावना है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय कोहरा भी देखने को मिलेगा. रांची और आसपास के इलाकों में भी दोनों दिन हल्की बारिश का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें...
मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है. 24 और 25 नवंबर को सुबह कोहरा छाए रहने के बाद आसमान साफ रहेगा. यही स्थिति 26 और 27 नवंबर को भी बने रहने का अनुमान है.
अगले दो दिनों तक तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. वहीं, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है.
रांची में 23 नवंबर से मौसम होगा शुष्क
रांची और आसपास के इलाकों में 22 नवंबर को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे. इस दौरान हल्की बारिश के साथ-साथ सुबह में हल्का से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं. 23 नवंबर को आंशिक बादल रह सकते हैं, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा. 24 और 25 नवंबर को सुबह कोहरा छाने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. 26 और 27 नवंबर को भी सुबह कुहासा रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है.
इन जिलों में दिखेगा मौसम का असर
मौसम विभाग ने राज्य को तीन प्रमुख हिस्सों में बांटकर पूर्वानुमान जारी किया है. मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में मौसम का असर दिखेगा.
दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी बारिश की संभावना है. वहीं, उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी बादल और कोहरे का असर रह सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

