Ranchi News: राजधानी में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. किसी गरीब का घर गिर गया है, तो किसी की मवेशी की मौत हो गई है. सबसे अधिक नुकसान किसानों को हुआ है, उनके फसल बर्बाद हो गये हैं. बारिश की वजह से हुए नुकसानों की जानकारी झारखंड सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्त से मांगी है. ताकि गरीबों व किसानों को नुकसान की भरपाई की लिए कदम उठाया जा सके.
इसे भी पढ़ें -
मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को अपने-अपने जिले में बारिश, आंधी, वज्रपात और जलजमाव की स्थिति पर नजर रखने को कहा है. साथ ही बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है.
रिपोर्ट में गिरे हुए मकानों, बाढ़ और जलजमाव वाले इलाकों, नदियों के जलस्तर और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी शामिल करने को कहा गया है. रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार राहत सामग्री और आर्थिक सहायता दी जाएगी.
साहिबगंज में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत कार्य शुरू किया गया है. मंत्री के अनुसार, साहिबगंज DC को राहत कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है. प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर और मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है.
लगातार बारिश के कारण राज्य के कई इलाकों में पेड़ गिरने और जलजमाव से जनजीवन प्रभावित हुआ है. लोगों की सुरक्षा को देखते हुए कई जगह स्कूल भी बंद किए गए हैं.
डॉ. इरफान अंसारी ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश और आंधी के दौरान बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें. जलजमाव वाले इलाकों, नदियों और कमजोर पुलों के पास जाने से बचें. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत और बचाव कार्य किया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, जिलों के उपायुक्त ने जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर मौसम और हालात की समीक्षा की है. इसके साथ ही सभी अंचल के अंचलाधिकारियों को उनके क्षेत्र में हुए नुकसान को लेकर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है. अंचल से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर जिला स्तर पर नुकसान का आंकड़ा तैयार किया जायेगा. जिसे सरकार के पास भेजा जायेगा. सरकार आपदा राहत कोष से जरुरमंदों के नुकसान की भरपाई करेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

