Palamu News : जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा का निकाह कराया जा रहा था. इसकी जानकारी जिला प्रशासन को मिली, जिसके बाद संबंधित टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी. नाबालिग को रेस्क्यू कर सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है.
इसे भी पढ़ें...
प्रशासन को सूचना मिली थी कि चैनपुर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का निकाह कराया जा रहा है. सूचना के बाद चाइल्डलाइन, अग्रगति संस्था और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. टीम मौके पर पहुंची और बाल विवाह को रोक दिया.
बताया गया कि छात्रा जिस युवक से शादी करने वाली थी, वह पलामू के हैदरनगर क्षेत्र का रहने वाला है. युवक खाड़ी देश में नौकरी करता है और विदेश से लौटने के बाद निकाह की तैयारी की जा रही थी.
परिजनों की काउंसलिंग, आगे की कार्रवाई जारी
बाल कल्याण समिति के सदस्य रवि शंकर के अनुसार, बाल विवाह को रोक दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. छात्रा और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी की गई है.
बाल विवाह के खिलाफ अभियान चलाने वाली संस्था अग्रगति के निक्कू पाठक ने बताया कि छात्रा नौवीं कक्षा में पढ़ती है. सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर निकाह रुकवाया.
पलामू में इस वर्ष 30 बाल विवाह रोके गए
पलामू जिले में वर्ष 2026 में अब तक 30 बाल विवाह के मामले रोके जा चुके हैं. बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन की ओर से अनुमंडल स्तर पर भी टीम गठित की गई है. चाइल्डलाइन, जिला बाल संरक्षण इकाई और अग्रगति संस्था की टीमें अभियान चला रही हैं.
नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के आंकड़ों के अनुसार, पलामू में 35.4 प्रतिशत शादियां बाल विवाह के दायरे में आती हैं. बाल विवाह रोकने के लिए कार्रवाई के दौरान कई बार टीमों को विरोध का सामना भी करना पड़ा है.
इससे पहले चैनपुर क्षेत्र में बाल विवाह रोकने पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने हमला किया था और वाहनों में तोड़फोड़ की थी. बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

