Search

 
 
 

मुजफ्फरपुर में डबल मर्डर से सनसनी, रिटायर्ड बैंककर्मी व पत्नी का शव घर से बरामद

जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग मोहल्ले में रिटायर्ड बैंककर्मी और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई. बुजुर्ग दंपति की हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर के रूप में हुई है.
 
बिहार की खबरें

Lagatar Desk :  जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग मोहल्ले में रिटायर्ड बैंककर्मी और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई है. बुजुर्ग दंपति का शव उनके घर से बरामद किया गया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर के रूप में हुई है. 

 

शुरुआती जांच में यह सुनियोजित हत्या लग रही है. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घर को भी सील कर दिया है. 

 

अलग-अलग जगह मिले दोनों के शव

पुलिस के मुताबिक, अशोक कुंवर का शव घर के भूतल पर मिला. उनके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. वहीं उनकी पत्नी नीलम कुंवर का शव घर की छत पर मिला. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं. 

 

बंधक बना हत्या करने की आशंका

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेस कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में संपत्ति विवाद की बात भी सामने आई है. पुलिस को घटनास्थल से एक झोला और दस्ताने मिले हैं. इसके अलावा अशोक कुंवर के चेहरे पर टेप लगाए जाने के निशान भी मिले हैं.

 

पुलिस को शक है कि अपराधियों ने पहले उन्हें बंधक बनाया और फिर चाकू से हमला किया. ऐसे में पुलिस संपत्ति विवाद, पुरानी दुश्मनी, लूटपाट का विरोध सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.  मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच के बाद साफ होगी. 

 

सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के बारे में पता चल सके. इसके अलावा फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए सबूतों की भी वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है.

 

जांच के लिए एसआईटी का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी टीम सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस डबल मर्डर केस का खुलासा किया जाएगा और सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

 

इलाके में डर और नाराजगी

रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद लोगों में डर का माहौल है. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही