Search

 
 
 

बांका में डबल मर्डर से सनसनी, वृद्ध दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या

बिहार के बांका जिला से सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां प्रभावती नगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी.
 

Lagatar Desk :   बिहार के बांका जिला से सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां प्रभावती नगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी. 

 

इस डबल मर्डर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैला गई है और गांव में दहशत का माहौल है. मृतकों की पहचान 70 वर्षीय कैलाश यादव और उनकी 65 वर्षीय पत्नी समरी देवी के रूप में हुई है. 

 

देर रात अपराधियों ने वारदात को दिया अंजाम

बताया जा रहा है कि दंपति गांव में ही एक छोटा मुर्गी फार्म चलाकर अपना गुजारा करते थे. देर रात दोनों घर के पास बने गोहाल (पशुशाला) में सो रहे थे. इसी दौरान देर रात करीब चार से पांच की संख्या में अपराधी वहां पहुंचे और धारदार हथियार से दोनों का गला रेत दिया.

 

इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण वहां पहुंचे, तो खून से लथपथ शवों को देखा. इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना पाकर एसडीपीओ अमर विश्वास और थानाध्यक्ष सुधीर कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.  

 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाया है. वहीं डॉग स्क्वायड की टीम मदद से पता लगाया गया कि अपराधियों किस रास्ते से अपराधी भागे. प्रथम दृष्टया यह मामला भूमि विवाद से जुड़ा है. 

 

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

ग्रामीणों के अनुसार, इस डबल मर्डर के पीछे 16 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद है. बताया कि समरी देवी के नाम पर उनके मायके (कटोरिया के बहादिया गांव) में मुख्य सड़क के किनारे काफी जमीन थी. हाल ही में दंपति ने इसमें से 2 कट्ठा जमीन बेची थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी जमीन के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया गया है. 

 

कैलाश यादव का एक बेटा है जो राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है. साथ ही दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही