Search

Bokaro News: डीपीआरओ ने पंचायत सचिवालयों का किया औचक निरीक्षण, मिली गड़बड़ी

Bokaro: गुरुवार को जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम द्वारा पंचायत दिवस पर चास प्रखंड अंतर्गत उल्गोडा एवं पिंड्राजोरा ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान दोनों पंचायतों में कई गड़बड़ी एवं विभागीय निर्देशों की अवहेलना सामने आई. निरीक्षण में पाया गया कि विभाग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद दोनों ग्राम पंचायतों में साप्ताहिक पंचायत दिवस का आयोजन नहीं किया जा रहा था. इससे ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जन शिकायतों के निवारण के प्रति उदासीनता परिलक्षित हुई.


पिंड्राजोरा पंचायत सचिवालय में निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव एवं मुखिया दोनों अनुपस्थित पाए गए. वहीं, उल्गोडा ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव एवं मुखिया उपस्थित पाए गए, किंतु प्रज्ञा केंद्र संचालक (वीएलई) अनुपस्थित थे. साथ ही, पंचायत सचिवालय में कोई विशेष गतिविधि संचालित नहीं हो रही थी तथा पंचायत दिवस का आयोजन भी नहीं किया जा रहा था. कार्यालय की कार्यप्रणाली अत्यंत सुस्त एवं निष्क्रिय अवस्था में थी, जिससे ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ प्रभावित हो रहा था. इसको लेकर संबंधित पंचायत सचिव व कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा है.


वहीं, लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत सचिवों एवं प्रज्ञा केंद्र संचालकों (वीएलई) को तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.


डीपीआरओ ने कहा कि सभी पंचायत सचिवालय निर्धारित सरकारी समय के अनुसार प्रतिदिन संचालित किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को प्रमाण-पत्र, सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं तथा अन्य डिजिटल सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें.
डीपीआरओ ने सभी पंचायत सचिव एवं वीएलई को अपने निर्धारित रोस्टर के अनुसार पंचायत सचिवालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध वेतन रोकने सहित विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.


डीपीआरओ ने प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को पंचायत दिवस का आयोजन पूरी पारदर्शिता एवं सक्रियता के साथ करने का निर्देश दिया है. इस दौरान ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर उनका यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//