National News : ISRO के चेयरमैन डॉ वी नारायणन ने इसरो के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद में कहा कि हमने देश के आम लोगों के लिए कई स्पेस एप्लिकेशन तैयार किये हैं.
इनमें अर्थ ऑब्जर्वेशन (पृथ्वी की निगरानी), कम्युनिकेशन, टेलीविज़न ब्रॉडकास्टिंग, आपदा की चेतावनी और उससे बचाव, नेविगेशन, रियल-टाइम में ट्रेंड्स और मूवमेंट पर नज़र रखना और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और गुजरात के मंत्री अर्जुन मोढवाडिया भी शामिल हुए.
ISRO के चेयरमैन ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें हमने अपना काम बखूबी किया और इसमें इनोवेशन ने अहम भूमिका निभाई. इस अवसर पर उन्होंने स्पेस प्रोग्राम के सभी लीडर्स और इस क्षेत्र में काम करने वाले हर कर्मचारी को उनके इनोवेटिव नज़रिए और स्पेस प्रोग्राम के फ़ायदे आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सराहना की.
डॉ वी नारायणन तीसरे नेशनल स्पेस डे के जश्न के मौके पर बोल रहे थे. इस अवसर पर उन्होंने कहा, हम देश की उम्मीदों और लक्ष्यों की बात करें तो इस साल हमने आठ लॉन्च-व्हीकल मिशन और सैटेलाइट मिशन लॉन्च करने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने गगनयान प्रोग्राम को याद दिलाते हुए कहा, यह कोई साधारण प्रोग्राम नहीं है. यह टेक्नोलॉजी पर बहुत ज़्यादा आधारित है.
चेयरमैन ने कहा, इंसानों को सुरक्षित रूप से अंतरिक्ष में भेजना और उन्हें सुरक्षित वापस लाना कोई आसान काम नहीं है. हम इस प्रोग्राम पर काम कर रहे हैं. उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि इस साल हमारा पहला मिशन बिना क्रू वाला और उसके बाद क्रू वाला मिशन होगा.
इसरो चीफ वी. नारायणन ने कहा, 23 अगस्त 2023 देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन था. इस दिन हमने चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सॉफ्ट-लैंड कराया था. हम दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंड करने वाले एकमात्र और पहले देश बने. हमारे प्रधानमंत्री ने उस दिन को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

