Chatra News : पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की कौलेश्वरी पर्वत पर रोपवे निर्माण शुरू कराने की हसरत अधूरी रह गई. अपने कार्यकाल में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास कराने की उनकी इच्छा थी. इसके लिए प्रशासनिक व तकनीकी प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिया था. हालांकि, शिलान्यास से पहले ही उनके निधन से यह सपना अधूरा रह गया.
मंत्री के निर्देश पर रोपवे का डिजाइन तैयार करने वाली राइट्स लिमिटेड की तकनीकी टीम पिछले चार दिनों से कौलेश्वरी पर्वत पर कैंप कर रही है. टीम रोपवे के प्लेटफार्म, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रस्तावित निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर रही है. इसके साथ ही मिट्टी की जांच भी की जा रही है. तकनीकी टीम का नेतृत्व अभियंता रंजन माधव कर रहे हैं.
रंजन माधव ने बताया कि कौलेश्वरी पर्वत पर रोपवे परियोजना पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का ड्रीम प्रोजेक्ट था. उनके निर्देश पर ही तकनीकी टीम को स्थल निरीक्षण और मिट्टी जांच के लिए भेजा गया है. कुछ दिन पूर्व मंत्री ने कंपनी के अधिकारियों से कहा था कि कागजी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर उनके कार्यकाल में ही परियोजना का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए.
जल्द करने वाले थे शिलान्यास
उन्होंने जल्द ही चतरा आकर रोपवे का शिलान्यास करने की बात भी कही थी. कौलेश्वरी पर्वत हंटरगंज प्रखंड में स्थित है. यह धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से जिले का महत्वपूर्ण स्थल है. यहां सनातन, जैन और बौद्ध धर्म से जुड़ी मान्यताएं और आस्था केंद्रित हैं. तीनों धर्मों के श्रद्धालुओं के साथ देश-विदेश के पर्यटक भी वर्षभर यहां पहुंचते हैं. ऐसे में रोपवे का निर्माण होने से पर्यटन को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है.
कौलेश्वरी को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में रोपवे परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मंत्री की सक्रियता से परियोजना की तकनीकी प्रक्रिया आगे बढ़ी थी. शिलान्यास की तैयारी के बीच उनके निधन से क्षेत्र के लोगों में मायूसी है. अब उनकी इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारना सरकार और विभाग के लिए बड़ी चुनौती होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

